ChhattisgarhRegion

पुराने वाहनों की बिक्री पर 1 प्रतिशत टैक्स हटाने का आश्वासन

Share

रायपुर।अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत, रायपुर द्वारा प्रदेश में पुराने वाहनों की बिक्री पर लगाए गए 1 प्रतिशत अतिरिक्त टैक्स से आम ग्राहकों को हो रही परेशानियों को लेकर यह विषय परिवहन मंत्री केदार कश्यप के संज्ञान में लाया गया था। ग्राहक पंचायत द्वारा अवगत कराया गया कि यह नियम मध्यम एवं निम्न वर्ग के उपभोक्ताओं पर अनावश्यक आर्थिक बोझ डाल रहा है तथा पुराने वाहनों की खरीद-बिक्री को प्रभावित कर रहा है। इस पर संज्ञान लेते हुए परिवहन मंत्री ने उक्त नियम को समाप्त करने का आश्वासन दिया है।
अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत रायपुर के जिला अध्यक्ष आशीष अग्रवाल ने बताया कि अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत का मानना है कि ग्राहक किसी भी राष्ट्र की अर्थव्यवस्था की रीढ़ होता है और ऐसे नियम जो ग्राहकों के हितों के विरुद्ध हों, उन्हें समय रहते समाप्त किया जाना आवश्यक है। संगठन ग्राहकों के अधिकारों की रक्षा एवं जागरूकता के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा। अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत, सभी ग्राहकों से अपील करता है कि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें और किसी भी अनुचित व्यवस्था के विरुद्ध संगठित होकर आवाज उठाएं।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button