ChhattisgarhRegionSports

भारोत्तोलन के 94 किलोग्राम पुरुष वर्ग में अरुणाचल के लालू ताकू ने मारी बाजी

Share

रायपुर। खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 के अंतर्गत पंडित रविशंकर शुक्ल यूनिवर्सिटी के खेल मैदान में आयोजित वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता के सीनियर पुरुष 94 किलोग्राम वर्ग में शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। 28 मार्च 2026 को आयोजित इस मुकाबले में देशभर के प्रतिभाशाली खिलाडिय़ों ने अपनी ताकत और तकनीक का बेहतरीन प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में अरुणाचल प्रदेश के खिलाड़ी लालू ताकू ने कुल 250 किलोग्राम वजन उठाकर पहला स्थान हासिल किया। उन्होंने स्नैच में 110 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 140 किलोग्राम वजन उठाकर प्रतियोगिता में अपना दबदबा कायम रखा। दूसरे स्थान पर आंध्र प्रदेश के पी. मणि शंकर रहे, जिन्होंने कुल 244 किलोग्राम वजन उठाया। उन्होंने स्नैच में 106 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 138 किलोग्राम वजन उठाकर कड़ा मुकाबला पेश किया।

खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 : भारोत्तोलन के 94 किलोग्राम पुरुष वर्ग में अरुणाचल के लालू ताकू ने मारी बाजी

तीसरे स्थान पर हिमाचल प्रदेश के खेमराज रहे, जिन्होंने कुल 232 किलोग्राम वजन उठाया। उनके प्रदर्शन में स्नैच में 100 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 132 किलोग्राम शामिल रहा। प्रतियोगिता में असम के समुंद्रा दोइमारी (225 किग्रा), झारखंड के हर्ष कुमार हेम्ब्रम (225 किग्रा) और मध्य प्रदेश के किशन भुरिया (218 किग्रा) ने भी अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन वे पदक से चूक गए।
छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी विरावी खुसरो ने 160 किलोग्राम के साथ सातवां स्थान प्राप्त किया, जबकि तेलंगाना के वी. अरुण 113 किलोग्राम के साथ आठवें स्थान पर रहे। इस प्रतियोगिता ने न केवल आदिवासी क्षेत्रों के खिलाडिय़ों की प्रतिभा को उजागर किया, बल्कि यह भी साबित किया कि देश के दूर-दराज इलाकों में भी खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स जैसे आयोजनों से इन खिलाडिय़ों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का अवसर मिल रहा है, जो भविष्य में भारतीय खेलों के लिए एक मजबूत आधार तैयार करेगा।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button