भारत और मंगोलिया की सेनाएं करेंगी सैन्यभ्यास, चीन को लग सकती है मिर्ची

नई दिल्ली। भारत के जवान एक ऐसे देश की सेना के साथ सैन्य अभ्यास करने जा रहे हैं । जिससे चीन को मिर्ची लगना तय है। भारतीय सेना की एक टीम बहुराष्ट्रीय सैन्य अभ्यास में हिस्सा लेने के लिए बुधवार को मंगोलिया पहुंची है। रक्षा मंत्रालय ने यह जानकारी दी है।
रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, भारतीय सेना के इस दल में 40 जवान शामिल हैं। इनमे मुख्य रूप से कुमाऊं रेजिमेंट की एक बटालियन के जवान शामिल हैं। खान क्वेस्ट नाम के अभ्यास के लिए भारतीय दल उलानबटोर पहुंचा है। मंगोलिया पहुंचे भारतीय दल में महिला सैन्यकर्मी भी शामिल हैं।
खान क्वेस्ट एक बहुपक्षीय शांति सैन्य अभ्यास (Multinational Peacekeeping Exercise) है जो हर वर्ष मंगोलिया की राजधानी उलानबटोर में आयोजित किया जाता है। यह अभ्यास मंगोलिया की सेना (Mongolian Armed Forces) और अमेरिका की इंडो-पैसिफिक कमांड (USINDOPACOM) के सहयोग से आयोजित किया जाता है। भारत भी इस अभ्यास में भाग लेने वाले प्रमुख देशों में से एक है।
मंगोलिया में इस बार यह 14 से 28 जून तक आयोजित होने जा रहा है। भारत हर साल खान क्वेस्ट अभ्यास में अपने सैनिक भेजता है। भारतीय सेना की भागीदारी दर्शाती है कि भारत वैश्विक शांति स्थापना और बहुपक्षीय सैन्य सहयोग को कितना महत्व देता है। यह अभ्यास भारतीय सेना को विभिन्न देशों की सेनाओं के साथ मिलकर काम करने और अंतरराष्ट्रीय सैन्य मानकों को अपनाने का अवसर देता है।
