अपनी मांगों पर अड़े किसानों को लिया हिरासत में
दुर्ग। खरसिया – परमारकसा रेलवे परियोजना के लिए सर्वे किया जा रहा था। परन्तु किसान दिए जा रहे मुआवजे से संतुष्ट नहीं है। किसान लम्बे समय से अपनी 10 सूत्रीय मांगों, विशेषकर भूमि के बदले चार गुना मुआवजे की मांग को लेकर अड़े हुए हैं। इस दौरान शिकायतों का निराकरण के बाद ही सर्वे की मांग लेकर डटे किसानों को हिरासत में ले लिया गया। इससे क्षेत्र के लोग भड़क गए। इस घटना की जानकारी मिलते ही जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर किसानो के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे। हिरासत में लिए जाने से क्षेत्र में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। इसकी जानकारी मिलते ही जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राकेश ठाकुर कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं प्रभावित किसानों के साथ उतई थाने पहुंचे और घटना की जानकारी ली। इसके बाद ठाकुर के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल कलेक्टर दुर्ग अभिजीत सिंह और एसपी विजय अग्रवाल से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने किसानों की मांगों, उनकी भावनाओं एवं उत्पन्न परिस्थिति को गंभीरता से रखते हुए समाधान का आग्रह किया। मामले की संवेदनशीलता को समझते हुए कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने तत्काल संज्ञान लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद सभी किसानों को निःशर्त रिहा कर दिया गया। रिहा किए गए किसानों में अमित कुमार साहू, गोपेश्वर साहू, धनऊ कोसरे और पुनाराम देवांगन आदि शामिल हैं।






