बीजापुर के अंकित सकनी ने UPSC में हासिल की 816वीं रैंक, मुख्यमंत्री साय ने दी बधाई

बस्तर संभाग के बीजापुर जिले के भैरमगढ़ विकासखंड के छोटे से ग्राम गुदमा के युवा अंकित सकनी ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा 2025 में 816वीं रैंक हासिल कर अपने परिवार, गांव, बस्तर संभाग और पूरे छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अंकित सकनी और उनके माता-पिता से वीडियो कॉल के माध्यम से बातचीत कर उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने अंकित की सफलता को प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद अंकित ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प से यह साबित किया है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और प्रयास लगातार किए जाएं तो सफलता जरूर मिलती है। उन्होंने कहा कि बीजापुर जैसे दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्र के छोटे से गांव से निकलकर देश की सबसे कठिन मानी जाने वाली यूपीएससी परीक्षा में सफलता हासिल करना गर्व और प्रेरणा का विषय है तथा यह उपलब्धि बस्तर के युवाओं को भी अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित करेगी।







