31 मार्च तक नक्सलवाद समाप्त करने की आखिरी बड़ी बैठक, अमित शाह करेंगे अध्यक्षता

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में रायपुर में आज एंटी-नक्सल ऑपरेशन को लेकर पहली समीक्षा बैठक शुरू हो गई है। बैठक में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री और गृह मंत्री विजय शर्मा के साथ-साथ गृह विभाग के सचिव, डीजीपी और नक्सल प्रभावित राज्यों के डीजीपी, गृह सचिव और वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद हैं। यह बैठक दोपहर 12:45 बजे तक चलेगी और इसमें सुरक्षा की स्थिति, इंटेलिजेंस इनपुट्स, ऑपरेशन की गति और मार्च 2026 तक नक्सलवाद को समाप्त करने के लिए एक्शन प्लान पर चर्चा होगी। दोपहर 2 बजे दूसरी बैठक होगी, उसके बाद लंच ब्रेक और फिर दोपहर 3 से 4:15 बजे तक बैठक जारी रहेगी। इसके बाद 5 से 6:10 बजे ‘छत्तीसगढ़ @ 25 शिफ्टिंग द लेंस’ थीम पर राष्ट्रीय कॉन्क्लेव का आयोजन होगा। गृह मंत्री विजय शर्मा ने बताया कि बैठक के दो मुख्य एजेंडे हैं—पहला, 31 मार्च 2026 तक देश को पूर्ण रूप से सशस्त्र नक्सलवाद से मुक्त करना, और दूसरा, बस्तर का रुका हुआ विकास फिर से शुरू करना। साथ ही उन्होंने भूपेश बघेल के पंजाब में दिए गए विवादित बयान पर भी प्रतिक्रिया दी और कहा कि इस तरह की बातें करने से पहले राहुल गांधी से पूछना चाहिए।







