समय और उत्पादकता बढ़ाने के लिए सरकारी विभागों में एआई प्रशिक्षण शुरू

शासकीय विभागों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है। समय की बचत, कार्य की उत्पादकता और पारदर्शिता बढ़ाने के उद्देश्य से सरकारी कार्यालयों में अधिकारी-कर्मचारियों को एआई टूल्स का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। ई-गवर्नेंस विभाग द्वारा संचालित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत अलग-अलग बैचों में अफसरों, बाबुओं और कर्मचारियों को एआई से जुड़ी तकनीकी जानकारी दी जा रही है। जिला मुख्यालय के कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ई-दक्ष केंद्र में चल रहे इस कार्यक्रम में पत्र, ई-मेल, नोटशीट, फोटो और वीडियो ड्राफ्टिंग जैसे कार्यों को एआई के माध्यम से कम समय में बेहतर तरीके से करने की प्रैक्टिस कराई जा रही है। हेड ट्रेनर अभिनव मोदी के अनुसार, इस पहल से कर्मचारियों की कार्यक्षमता बढ़ेगी और तकनीकी कार्यों के लिए अतिरिक्त स्टाफ पर निर्भरता कम होगी। जनवरी 2026 से शुरू हुए इस प्रशिक्षण में अब तक करीब एक हजार अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया जा चुका है, जबकि अगले पांच महीनों में पांच हजार कर्मचारियों को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रखा गया है।







