Chhattisgarh

अग्रवाल प्रीमियर लीग 4.0 का भव्य समापन, गणपति वायर्स बनी चैंपियन

Share

रायपुर। अग्रवाल युवा मंडल, रायपुर द्वारा आयोजित दो दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट “अग्रवाल प्रीमियर लीग 4.0” का भव्य समापन उत्साह और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। रायपुर के सुपर-6 ग्राउंड, सीजी क्लब सिविल लाइंस में आयोजित इस प्रतियोगिता में समाज की कुल 12 टीमों ने भाग लिया और दो दिनों तक रोमांचक मुकाबले खेले गए। पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन और दर्शकों के उत्साह ने आयोजन को यादगार बना दिया। समापन समारोह में विशेष अतिथि नवनीत अग्रवाल (अध्यक्ष – यूथ विंग, क्रेडाई छत्तीसगढ़) उपस्थित रहे, वहीं मुख्य अतिथि लक्ष्मी वर्मा (सदस्य, महिला आयोग छत्तीसगढ़) एवं वैभवी अग्रवाल (IAS) ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में गणपति वायर्स टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 6 विकेट से जीत दर्ज कर अग्रवाल प्रीमियर लीग 4.0 का खिताब अपने नाम किया। फाइनल में गणपति वायर्स की टीम ने 142 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम किया, जबकि तातीबंध टाइटन्स की टीम उपविजेता रही। फाइनल मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए आदित्य अग्रवाल को मैन ऑफ द मैच से सम्मानित किया गया। टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी पुरस्कृत किया गया, जिसमें बेस्ट बैट्समैन प्रतीक बेरीवाल, बेस्ट बॉलर दीपक केडिया, बेस्ट फील्डर ईशान कंसल, मैन ऑफ द मैच (फाइनल) आदित्य अग्रवाल और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट अमन बंसल रहे। विजेता एवं उपविजेता टीमों को अतिथियों द्वारा ट्रॉफी एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। विशेष अतिथि नवनीत अग्रवाल ने कहा कि ऐसे खेल आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच देने के साथ आपसी भाईचारे और टीम भावना को भी मजबूत करते हैं। मुख्य अतिथि लक्ष्मी वर्मा ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व की भावना विकसित करते हैं। वैभवी अग्रवाल (IAS) ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि युवाओं को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी सक्रिय रहना चाहिए, क्योंकि खेल व्यक्ति के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक हैं। इस अवसर पर अग्रवाल सभा के अध्यक्ष विजय अग्रवाल ने कहा कि अग्रवाल प्रीमियर लीग का उद्देश्य समाज के युवाओं को एक मंच पर लाकर उनमें आपसी भाईचारे और खेल भावना को बढ़ावा देना है। युवा मंडल अध्यक्ष सीएस सौरभ अग्रवाल ने बताया कि इस टूर्नामेंट में समाज की 12 टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जो युवाओं की खेल के प्रति बढ़ती रुचि को दर्शाता है। युवा मंडल प्रभारी कमल अग्रवाल ने कहा कि अग्रवाल युवा मंडल समाज के युवाओं को खेल, सेवा और सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने का कार्य कर रहा है और अग्रवाल प्रीमियर लीग इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। मीडिया प्रभारी उदित अग्रवाल ने सभी प्रायोजकों, टीम ओनर्स, खिलाड़ियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में योगी अग्रवाल, सुभाष अग्रवाल, युवा प्रभारी योगेश अग्रवाल एवं कमल अग्रवाल, युवा मंडल महामंत्री वेदान्त अग्रवाल, कोषाध्यक्ष हर्षित अग्रवाल, संगठन मंत्री सौरभ अग्रवाल, सलाहकार नितिन अग्रवाल, अमर अग्रवाल सहित समाज के अनेक वरिष्ठजन एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button