एसडीएम की कार्यप्रणाली से नाराज़ अधिवक्ता, पूर्णकालिक एसडीएम की मांग

तखतपुर अनुभाग में पदस्थ प्रभारी एसडीएम नितिन तिवारी के खिलाफ अधिवक्ताओं ने मोर्चा खोल दिया है। अधिवक्ता संघ तखतपुर ने उनकी कार्यप्रणाली पर असंतोष जताते हुए उन्हें प्रभारी एसडीएम पद से हटाने और तखतपुर में पूर्णकालिक एसडीएम की नियुक्ति की मांग की है। अधिवक्ताओं का आरोप है कि एसडीएम द्वारा मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित रखा जा रहा है, जिससे न्यायिक कार्य प्रभावित हो रहा है और लेटलतीफी के कारण अधिवक्ताओं व पक्षकारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी मुद्दे को लेकर अधिवक्ता संघ ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपते हुए सात दिनों का अल्टीमेटम दिया है और चेतावनी दी है कि यदि तय समयसीमा के भीतर एसडीएम को नहीं हटाया गया तथा पूर्णकालिक एसडीएम की नियुक्ति नहीं की गई, तो वे एसडीएम कार्यालय का बहिष्कार करेंगे। अधिवक्ता संघ का कहना है कि न्यायिक कार्यों में पारदर्शिता और समयबद्ध निपटारे के लिए यह कदम आवश्यक हो गया है, वहीं एसडीएम नितिन तिवारी ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा है कि उनके द्वारा सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर किए जा रहे हैं।







