ChhattisgarhRegion

अपार आईडी बनाने चिह्नित स्कूलों में प्रशासनिक अधिकारियों को मिली 9 तक की डेडलाइन

Share

जगदलपुर। बस्तर जिले में स्कूली छात्रों की अपार आईडी बनाने के कार्य को अब सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। समग्र शिक्षा, जिला परियोजना कार्यालय द्वारा जारी ताजा निर्देशों के अनुसार, जिला प्रशासन ने इस कार्य को मिशन मोड में पूरा करने का बीड़ा उठाया है।
बुधवार को कलेक्टर आकाश छिकारा की अध्यक्षता में संपन्न हुई एक अहम बैठक में यह निर्णय लिया गया कि जिले के चिन्हित स्कूलों में लंबित अपार आईडी का कार्य हर हाल में आगामी 9 फरवरी तक पूर्ण कर लिया जाए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन भी उपस्थित थे। इस अभियान की गंभीरता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि अब यह कार्य केवल शिक्षा विभाग तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि एसडीएम और तहसीलदार जैसे वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को भी सीधे तौर पर इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश के तहत, प्रत्येक विकासखंड के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), तहसीलदार, खंड शिक्षा अधिकारी और खंड स्रोत समन्वयक को अपने क्षेत्र के दो-दो स्कूलों की निगरानी का जिम्मा दिया गया है। प्रशासन का विशेष फोकस उन विद्यालयों पर है जहां अपार आईडी बनाने का काम बड़ी संख्या में लंबित है। उदाहरण के तौर पर बकावंड ब्लॉक के स्वामी आत्मानंद स्कूल करपावंड, जगदलपुर के धरमपुरा के साथ बस्तर, दरभा, लोहंडीगुड़ा और तोकापाल ब्लॉक के स्कूलों को भी इस विशेष अभियान में शामिल किया गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नामित अधिकारी न केवल कार्यों की निगरानी करेंगे, बल्कि स्कूलों में आईडी निर्माण के दौरान आ रही समस्त तकनीकी समस्याओं का परीक्षण करते हुए उनका समाधान भी सुनिश्चित करेंगे। निर्धारित समय-सीमा के भीतर लक्ष्य हासिल करने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से कार्य में जुट जाने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं, ताकि छात्रों के शैक्षणिक रिकॉर्ड के डिजिटलीकरण में कोई बाधा न आए।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button