ChhattisgarhRegion

सेड्रा में पहली बार लगा प्रशासनिक शिविर, मौके पर बने जॉब कार्ड, आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र

Share

बीजापुर। जिले के ग्राम सेंड्रा में शासन की योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज शनिवार को प्रशासनिक शिविर का आयोजन किया गया है। नक्सलवाद के कमजोर पडऩे के बाद जंगलों और दुर्गम रास्तों के बीच बसे इस क्षेत्र में पहली बार बड़ी प्रशासनिक टीम के पहुंचने से ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के सामने रखीं। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और कई मामलों में मौके पर ही मंजूरी दी गई। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे जहां उन्होंने जमीन, वन अधिकार पट्टा, रोजगार और शासकीय योजनाओं से संबंधित अपनी मांगें रखीं।
अनुविभागीय अधिकारी यशवंत नाग के निर्देश पर आयोजित इस शिविर में तहसीलदार लक्ष्मण कुमार राठिया, जनपद पंचायत भोपालपट्नम के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आदित्य कुंजाम, खंड शिक्षा अधिकारी विजय कोर्रम, एसडीओ (पीएचई) बंजारे, कार्यक्रम अधिकारी डिम्पल वट्टी, महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम, पंचायत सचिव, राजस्व निरीक्षक, हल्का पटवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। शिविर के दौरान वन अधिकार पट्टा से संबंधित आवेदन प्राप्त किए गए। वहीं मनरेगा के तहत चलने वाले कार्यों के बारे में ग्रामीणों को जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि तालाब गहरीकरण और भूमि समतलीकरण जैसे कार्यों के माध्यम से गांवों में रोजगार के अवसर बढ़ाए जा सकते हैं। शिविर में कई ग्रामीणों के जॉब कार्ड बनाए गए वहीं आय जाति और निवास प्रमाण पत्र से संबंधित आवेदन भी मौके पर ही भरवाए गए। इसके अलावा जिन क्षेत्रों का पूर्व में सर्वेक्षण किया जा चुका है वहां के संभावित हितग्राहियों की सूची तैयार करने की प्रक्रिया भी शुरू की गई ताकि उन्हें शासकीय योजनाओं का लाभ जल्द उपलब्ध कराया जा सके।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button