भानुप्रतापपुर में आदित्य क्रिकेट अकादमी का शुभारंभ, युवाओं को मिलेगा प्रशिक्षण

कांकेर। जिले के भानुप्रतापपुर नगर में क्रिकेट प्रतिभाओं को निखारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए आदित्य क्रिकेट अकादमी का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अकादमी की स्थापना का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में ड्यूस बॉल क्रिकेट को पुनर्जीवित करना, युवा खिलाडिय़ों को पेशेवर प्रशिक्षण देना तथा उनमें अनुशासन, टीम भावना और खेल भावना का विकास करना है।
अकादमी विशेष रूप से अंडर-14, अंडर-16 और अंडर-18 आयु वर्ग के बच्चों को ध्यान में रखकर शुरू की गई है, ताकि कम उम्र से ही खिलाडिय़ों की प्रतिभा को पहचान कर उन्हें सही दिशा में प्रशिक्षित किया जा सके। इस अवसर पर आयोजकों ने बताया कि अकादमी का उद्घाटन दिवंगत अखिल सिंह राठौर के विजन को समर्पित है। स्व. राठौर का सपना था कि भानुप्रतापपुर में ऐसी क्रिकेट एकेडमी स्थापित हो, जहां बच्चों को वास्तविक क्रिकेट का प्रशिक्षण मिल सके। उन्होंने लगभग 35 वर्षों तक खिलाडिय़ों को मैदान से जोड़े रखा और अंतर्राज्यीय क्रिकेट आयोजनों का सफल नेतृत्व किया। श्री मारुति क्रिकेट क्लब के माध्यम से उनके मार्गदर्शन में अनेक खेल गतिविधिया संचालित की गई थी।







