“आप” के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष जायसवाल सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल

रायपुर। आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष उत्तम जायसवाल गुरुवार देर रात एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा कोंडागांव–उमरकोट (ओडिशा) मार्ग पर कलेक्टर कार्यालय से कुछ दूरी पर स्थित नाका के पास हुआ। जायसवाल कोंडागांव जिले के किसान आंदोलन में शामिल होने आये हुए थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्तम जायसवाल अपने पड़ोसी बंटी शर्मा के साथ सड़क किनारे खड़े थे, तभी बिना लाइट के तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात बाइक चालक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उत्तम जायसवाल के सिर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं।
घटना के तुरंत बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें जिला अस्पताल कोंडागांव लाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों की टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है, लेकिन चोटें गंभीर होने के कारण उन्हें रायपुर रेफर कर दिया गया है। उल्लेखनीय है कि गुरुवार को ही प्रदेश अध्यक्ष उत्तम जायसवाल कोंडागांव में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ प्रदेशभर में धान खरीदी में फैली अव्यवस्था और किसानों के हित में खरीदी अवधि बढ़ाने की मांग को लेकर राज्य सरकार के खिलाफ किए गए विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए थे। घटना की जानकारी मिलते ही आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में चिंता का माहौल है। पार्टी नेताओं ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। पुलिस द्वारा अज्ञात बाइक चालक की तलाश की जा रही है।







