पूर्व मंत्री के नाम का सहारा लेकर युवक ने की 25 लाख की ठगी

सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जांजगीर-चांपा जिले के मुलमुला क्षेत्र निवासी एक युवक ने ग्रामीण के बेटे और भतीजे को सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर करीब 25 लाख रुपये ठग लिए और बाद में गायब हो गया। जानकारी के अनुसार, ग्राम उरैहा निवासी पोल्ट्री फार्म संचालक अंबिका प्रसाद भारद्वाज की पहचान वर्ष 2023 में छेड़ोलिया निवासी राजा भैया लहरे (26) से हुई थी। आरोपी ने पूर्व मंत्री अमरजीत भगत के करीबी अधिकारियों तक पहुंच होने का दावा करते हुए परिवार न्यायालय रायपुर और मुंगेली में नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया तथा विश्वास जीतने के लिए रायपुर स्थित सरगुजा कुटीर में एक व्यक्ति से मुलाकात भी कराई। आरोपी की बातों में आकर पीड़ित ने 17 लाख 65 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए और 7 लाख 35 हजार रुपये नकद दिए, लेकिन नौकरी नहीं लगी। रुपये वापस मांगने पर आरोपी ने धमकी दी और फरार हो गया। पहले पुलिस ने इसे आपसी लेनदेन का मामला बताकर एफआईआर दर्ज नहीं की, जिसके बाद पीड़ित ने अदालत की शरण ली। जनवरी 2026 में कोर्ट के आदेश पर बिलासपुर जिले की हिर्री पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को उसके गांव से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। आरोपी के परिजनों ने दबाव बनाने के लिए उसकी गुमशुदगी भी दर्ज कराई थी, लेकिन बाद में पुलिस ने उसे पकड़ लिया।







