बस में बैठे-बैठे युवक की तबीयत बिगड़ी, मौके पर ही निधन

बड़वानी जिला मुख्यालय स्थित बस स्टैंड पर शनिवार शाम एक युवक की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। मृतक अलीराजपुर निवासी राकेश डावर (35) अपने चार-पांच वर्षीय बेटे के साथ सेंधवा से अलीराजपुर जा रहे थे। बस में सवार होने के कुछ ही देर बाद राकेश अचानक सीट से नीचे गिर गए, जिससे बस में मौजूद लोग स्तब्ध रह गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहले उन्हें लगा कि चक्कर आया होगा, लेकिन जब वह नहीं उठे तो यात्रियों में घबराहट फैल गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत मदद के लिए आवाज लगाई, और बोरलाय निवासी दिनेश यादव तथा बल्लू पहलवान ने सामाजिक कार्यकर्ता अजित जैन को सूचना दी। जैन तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक युवक की सांसें थम चुकी थीं। मृतक की मौत का कारण हार्ट अटैक या अचानक स्वास्थ्य समस्या बताया जा रहा है, हालांकि इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और परिजनों को सूचना दे दी।







