जबलपुर में खंडहर इमारत गिरने से मजदूर की मौत, परिवार और ग्रामीणों में हंगामा

मध्य प्रदेश के जबलपुर में एक मजदूर की मौत हो गई जब सिंचाई विभाग की खंडहर इमारत की दीवार अचानक गिर गई। जानकारी के अनुसार, सिंचाई विभाग में कार्यरत नरहर पटेल ने मजदूर धनीराम झरिया (50) को ईंट निकालने के लिए बुलाया था। इसी दौरान दीवार गिरने से धनीराम मलबे में दब गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय लोग मौके पर आए और मृतक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। हादसे के बाद परिवार और ग्रामीणों में हंगामा मच गया, जिस पर पुलिस तुरंत पहुंची और परिजनों व ग्रामीणों को निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया। स्थानीय निवासी छोटेलाल झारिया ने बताया कि ईंट निकालते समय दीवार अचानक गिर गई और धनीराम मलबे में दब गया, उसे बचाने की कोशिश की गई लेकिन वह दम तोड़ चुका था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।







