सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल में शिक्षक ने बांटे बाइबिल की प्रति, कारण बताओ नोटिस जारी

जशपुर। सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल में शिक्षक द्वारा बाइबिल की प्रति बांटे जाने से विवाद की स्थिति बन गई है। मामले में शिक्षा विभाग ने संबंधित शिक्षक को कारण बताओ नोटिस थमा कर सफाई मांगी है। मामला जिले के फरसाबहार विकासखंड के केरसई का है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विद्यालय में व्याख्याता पद पर पदस्थ शिक्षक दीपक तिग्गा पर आरोप है कि उन्होंने पढ़ाई के दौरान कक्षा में जाकर छात्र-छात्राओं को बाइबिल की छोटी पुस्तकें वितरित कीं। इस बाइबिल को हिन्दू छात्र-छात्राओं को भी बांटा गया। प्राचार्य कार्यालय से जारी नोटिस के मुताबिक, 10 फरवरी को दीपक तिग्गा विलंब से विद्यालय पहुंचे और बिना प्राचार्य से मुलाकात किए सीधे कक्षा में चले गए। वहां उन्होंने उपस्थित ग्यारहवीं और बारहवीं के छात्र-छात्राओं को बाइबिल की पुस्तकें बांटना शुरू कर दिया। मामले के सामने आने के बाद जब छात्र-छात्राओं के बैग की जांच की गई, तो कुल 14 नग बाइबिल की पुस्तकें बरामद की गईं। फिलहाल संबंधित अधिकारियों ने मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कही है।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी दुर्गेश देवांगन ने बताया कि शिक्षक तिग्गा बुधवार से स्कूल नहीं आए हैं और उनका कोई पता नहीं है। फिलहाल जिला शिक्षा अधिकारी को मामला जांच कर भेजा गया है, आगे की कार्रवाई जिला से की जाएगी।







