कोंडागांव में अटल बिहारी बाजपेई की प्रतिमा का किया गया अनावरण

कोंडागांव। जिला मुख्यालय के बंधा तालाब गार्डन स्थित अटल परिसर के पास भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी बाजपेई की 101वीं जयंती के अवसर पर गुरूवार को उनकी प्रतिमा का अनावरण किया गया। प्रतिमा का वर्चुअल लोकार्पण प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनसमूह ने अटल बिहारी वाजपेई को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में नगर पालिका उपाध्यक्ष नरपति पटेल, नगर पालिका अध्यक्ष लखपति पटेल, भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोज जैन, वरिष्ठ नेता जसकेतु उसेंडी, दीपेश अरोरा, जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई, एसडीएम अजय उरांव प्रशासनिक अधिकारी,नगर पालिका अधिकारी दिनेश डे, जनप्रतिनिधि, पार्षदगण एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल ने कहा कि अटल बिहारी बाजपेई उन चुनिंदा नेताओं में थे, जिन्हें सभी दलों का सम्मान प्राप्त था। उन्होंने नम्रता, सादगी और लोकतांत्रिक मूल्यों के साथ राष्ट्रहित में ऐतिहासिक निर्णय लिए। पोखरण परमाणु परीक्षण कर उन्होंने भारत को परमाणु शक्ति संपन्न राष्ट्र बनाया। नगर पालिका उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी ने कहा कि अटल बिहारी बाजपेई छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माता थे। उन्होंने संसद में मात्र दो सांसदों के साथ बैठकर भी लोकतंत्र की मजबूती का उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा था, छत्तीसगढ़ से 10 सांसद दो, मैं अलग राज्य बनाऊंगा और अपने वचन को पूरा कर नया राज्य बनाया।नगर पालिका अधिकारी दिनेश डे ने जानकारी दी कि प्रदेश में कुल 115 स्थानों पर अटल बिहारी वाजपेई की प्रतिमाएं स्थापित की जा रही हैं, जिनमें कोंडागांव भी शामिल है। मुख्यमंत्री के वर्चुअल लोकार्पण के पश्चात स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया गया।







