Chhattisgarh
तेज रफ्तार कार ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई, दो की मौके पर मौत, दो गंभीर घायल

जिले के कोतमा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 43 पर सलीम ढाबा के पास गुरुवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जहां चार ड्रम डीजल लेकर जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली के पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार (सीजी 07 एम 1454) टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में सवार 40 वर्षीय दुलारे शर्मा और गीता पनिका की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 64 वर्षीय हरिशंकर चतुर्वेदी और 33 वर्षीय मीना देवांगन गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली खेत में जा घुसी और सड़क पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई। घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोतमा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल अनूपपुर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात बहाल कराया और दोनों वाहनों सहित डीजल को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।







