नगर निगम के इंदिरा वार्ड उपचुनाव में 79.70 प्रतिशत रिकॉर्ड मतदान हुआ, 4 जून को मतगणना

जगदलपुर। नगर निगम के इंदिरा वार्ड उपचुनाव में कुल 79.70 प्रतिशत रिकॉर्ड मतदान दर्ज किया गया। इस उपचुनाव में मुख्य मुकाबला त्रिकोणीय माना जा रहा है, जिसमें कांग्रेस के रामकृष्ण तिवारी, भाजपा के मनोहर दत्त तिवारी और आम आदमी पार्टी की रुबीना कुरैशी के भाग्य का फैसला ईवीएम में कैद हो गया है। अब सभी की निगाहें 4 जून को कलेक्टोरेट में होने वाली मतगणना पर टिकी हैं।
इंदिरा वार्ड में कुल महिला वोटर्स (811) की संख्या पुरुषों से अधिक थी। हालांकि महिलाओं का व्यक्तिगत मतदान का प्रतिशत 77.43 प्रतिशत रहा, लेकिन कुल पड़े वोटों में उनका संख्या बल 628 पुरुषों से ज्यादा है। यही वजह है कि कुल मतदान में महिलाओं की हिस्सेदारी 51.09 प्रतिशत रही, जो किसी भी प्रत्याशी की जीत-हार तय करने में सबसे बड़ा फैक्टर साबित होगी। पुरुषों के कुल वोट भले ही 601 हैं, लेकिन अगर उनके पंजीकृत आंकड़ों (731) से तुलना करें, तो पुरुषों ने 82.21 प्रतिशत की दर से बंपर वोटिंग की है, जो यह दिखाता है कि इस उपचुनाव को लेकर वार्ड का हर वर्ग कितना गंभीर था। इस उपचुनाव का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट महिला वोट बैंक का रुझान माना जा रहा है। पुरुषों (601) के मुकाबले महिलाओं (628) ने अधिक संख्या में पोलिंग बूथ पहुंचकर वोट डाले हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि महिलाओं का यह बढ़ा हुआ आंकड़ा साइलेंट वोट के रूप में सामने आया है, जो किसी भी दल का पारंपरिक समीकरण बदल सकता है। अब्दुल रसीद के निधन के बाद खाली हुई इस सीट पर अल्पसंख्यक और सामान्य वर्ग के मतदाताओं के ध्रुवीकरण को भुनाने के लिए कांग्रेस, भाजपा और आप तीनों ने अपनी रणनीतियां तैयार की थीं। वार्ड के कुल 1542 मतदाताओं में से 1229 लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस बार के चुनाव में सबसे दिलचस्प बात यह रही कि कुल पड़े वोटों में पुरुषों के मुकाबले महिलाओं का संख्या बल अधिक रहा।







