307 करोड़ की लागत से केशकाल घाट पर बनेगा फोर लेन बाईपास

रायपुर। केंद्र सरकार ने केशकाल घाट खंड पर राष्ट्रीय राजमार्ग-43 (अब NH-30) में 11.38 किलोमीटर लंबे फोर-लेन बाईपास निर्माण के लिए ₹307.96 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की है। इस परियोजना से रायपुर-बस्तर के बीच यातायात अब और अधिक सुगम, सुरक्षित और निर्बाध होगा। इसके लिए
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का प्रदेशवासियों, विशेष रूप से बस्तर क्षेत्र की ओर से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना केशकाल घाट जैसे कठिन और संवेदनशील इलाके में यातायात बाधाओं को दूर करने में मील का पत्थर साबित होगी।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने ट्वीट कर जानकारी दी कि कोंडागांव जिले में NH-43 (नया NH-30) पर स्थित केशकाल घाट खंड पर ₹307.96 करोड़ की लागत से 11.380 किलोमीटर लंबा, पेव्ड शोल्डर मानक वाला फोर-लेन बाईपास बनाया जाएगा।
