ChhattisgarhCrimeRegion
डब्ल्यूआरएस कॉलोनी में मिला अज्ञात युवती का शव, हत्या की आशंका

रायपुर। खमतराई थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले डब्ल्यूआरएस कॉलोनी में मंगलवार को एक अज्ञात युवती का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतका की उम्र लगभग 20 से 25 वर्ष बताई जा रही है और उसके गले में रस्सी का फंदा कसा हुआ था तथा मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही खमतराई थाना पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरु कर दी है। स्थानीय लोगों ने हत्या की आशंका जताई है लेकिन इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल मृतका की शिनाख्त नहीं हो सकी है। इसके साथ ही पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में हाल ही में दर्ज हुई गुमशुदगी की रिपोर्ट्स खंगाल रही है, साथ ही डब्ल्यूआरएस कॉलोनी और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है।







