गौ रक्षा दल की शिकायत पर गाय के साथ दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार

जगदलपुर। शहर के संतोषी वार्ड में गाय के साथ दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर गौ रक्षा दल के सदस्यों ने बोधघाट थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आज रविवार को आरोपी जय दास को गिरफ्तार कर लिया।
मिली जानकारी के अनुसार संतोषी वार्ड में गाय के साथ कथित रूप से दुष्कर्म किए जाने की घटना की जानकारी मिलने पर गौ रक्षा दल के सदस्य बोधघाट थाना पहुंचे और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी जय दास को गिरफ्तार कर लिया। बोधघाट पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 और 299 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(क) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में लोगों के बीच नाराजगी देखी जा रही है। गौ-रक्षा दल के सदस्यों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। गौ-रक्षकों का कहना है, कि छत्तीसगढ़ के अन्य जिलों में भी पूर्व में इस तरह के मामले सामने आ चुके हैं। इसलिए ऐसे अपराधों की गंभीरता को देखते हुए सरकार से मांग है कि इनके लिए और अधिक कठोर कानूनी प्रावधान एवं सख्त धाराएं बनाई जाएं, जिससे ऐसे अपराध ना हो।







