ChhattisgarhRegion

धान रोपाई के दौरान गिरी आकाशीय बिजली, 3 लोगों की दर्दनाक मौत, 5 झुलसे

Share

मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर। जिले के खडग़वां ब्लॉक में आकाशीय बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य झुलस गए। शिवपुर में धान रोपाई के दौरान दो लोगों की जान चली गई, वहीं मंगोरा गांव में मवेशी चरा रहे एक व्यक्ति की मौत हो गई। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी है और प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिवपुर गांव में कुछ ग्रामीण खेतों में धान रोपाई का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली की चपेट में आने से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आसपास मौजूद अन्य लोग भी इसकी चपेट में आकर घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना इतनी अचानक हुई कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे के बाद खेत में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों ने तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।
वहीं ग्राम पंचायत मंगोरा में एक चरवाहा अपने मवेशियों को चराने के लिए निकला था। इसी दौरान आकाशीय बिजली उसके ऊपर गिर गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में लगातार मौसम खराब बना हुआ है और बारिश के साथ बिजली गिरने की घटनाएं भी बढ़ी हैं। हादसे में झुलसे पांच लोगों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खडग़वां में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, कुछ घायलों की स्थिति पहले से बेहतर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई शुरू की। अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। प्रशासन द्वारा पीडि़त परिवारों को नियमानुसार सहायता प्रदान करने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है। आकाशीय बिजली की इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर लोगों को बारिश के मौसम में सतर्क रहने की जरूरत का एहसास कराया है। प्रशासन ने भी खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और खेतों में काम करने से बचने की अपील की है।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button