गुरु घासीदास विश्वविद्यालय का बड़ा फैसला, री-एग्जाम का आदेश वापस

छात्रों के लगातार विरोध के बाद गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय ने BA-LLB छठवें सेमेस्टर की दोबारा परीक्षा कराने का फैसला वापस ले लिया है। विश्वविद्यालय के इस निर्णय से छात्रों को बड़ी राहत मिली है। री-एग्जाम के नोटिफिकेशन का विरोध करते हुए छात्रों ने तैयारी के लिए पर्याप्त समय नहीं मिलने का हवाला दिया था और पहले विभागाध्यक्ष से चर्चा की थी। समाधान नहीं निकलने पर उन्होंने प्रशासनिक भवन के सामने प्रदर्शन करते हुए चेतावनी दी थी कि नोटिफिकेशन वापस नहीं लेने पर आंदोलन तेज किया जाएगा। बढ़ते विरोध को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने अंततः री-एग्जाम का आदेश रद्द कर दिया। गौरतलब है कि करीब दो महीने पहले हुए कथित पेपर लीक मामले की जांच के लिए गठित पांच सदस्यीय फैक्ट फाइंडिंग कमेटी ने 6 जून को अपनी रिपोर्ट सौंपी थी, जिसके आधार पर परीक्षा निरस्त करने का फैसला लिया गया था।







