Chhattisgarh

मंत्रालयीन कर्मचारी संघ की चेतावनी, अंशिका पाण्डेय के तबादले को लेकर 15 दिन का अल्टीमेटम

Share

छत्तीसगढ़ मंत्रालयीन कर्मचारी संघ ने सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) में पदस्थ उप सचिव अंशिका पाण्डेय के स्थानांतरण की मांग को लेकर शासन को 15 दिनों का अल्टीमेटम दिया है। संघ ने विभाग के सचिव को स्मरण-पत्र सौंपते हुए कहा है कि तय समय सीमा में स्थानांतरण को लेकर निर्णय नहीं लिया गया तो कर्मचारी हितों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक और वैधानिक तरीके से आंदोलन शुरू किया जाएगा। संघ के अध्यक्ष चन्द्रकांत पाण्डेय ने बताया कि अंशिका पाण्डेय पिछले पांच वर्षों से अधिक समय से मंत्रालय (महानदी भवन) में पदस्थ हैं। संघ का कहना है कि यह सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी स्थानांतरण संबंधी परिपत्र की भावना के अनुरूप नहीं है, जिसमें अधिकारियों और कर्मचारियों की एक ही स्थान पर लंबे समय तक पदस्थापना से बचने की बात कही गई है। संघ ने बताया कि इस मामले को लेकर 23 जून को मुख्य सचिव को भी ज्ञापन सौंपा गया था, लेकिन अब तक कोई निर्णय नहीं लिया गया है, जिससे कर्मचारियों में नाराजगी है। संघ ने शासन से पारदर्शी और निष्पक्ष प्रशासन के लिए स्थानांतरण नीति के पालन की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि 15 दिनों के भीतर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने पर चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button