Chhattisgarh

उफनते नाले में बाइक के साथ युवक बहा, साथी ने कूदकर बचाई जान

Share

कोरबा। लेमरू थाने के ग्राम नकिया में उफनते सांचर नाले को पार करने की कोशिश एक 28 वर्षीय युवक की जान पर भारी पड़ गई। नाले के तेज बहाव में बाइक समेत बह गए युवक का शव 12 घंटे बाद बीते दिनों सुबह घटनास्थल से तीन किलोमीटर दूर बरामद किया गया। इस हादसे में उसका साथी किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहा।
जानकारी के अनुसार, वनांचल ग्राम नकिया निवासी 28 वर्षीय राहुल कुमार मंझवार सोमवार को अपने साथी बुधराम मंझवार के साथ घरेलू काम से कोरबा शहर आया था। देर शाम दोनों बाइक से वापस गांव लौट रहे थे। क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण गांव से तीन किलोमीटर पहले पड़ने वाला सांचर नाला उफान पर था।
ग्रामीणों ने बताया कि नाले में पानी का बहाव बेहद तेज था। इसके बावजूद राहुल ने बाइक से ही नाला पार करने की कोशिश की। इसी दौरान बुधराम ने खतरे को भांपते हुए बाइक से छलांग लगा दी और किनारे पहुंच गया। राहुल जैसे ही बाइक लेकर नाले में उतरा, पानी के तेज बहाव में वह बाइक समेत बह गया। देखते ही देखते वह आंखों से ओझल हो गया।
बुधराम ने किसी तरह अपनी जान बचाई। पानी का स्तर कुछ कम होने पर वह गांव पहुंचा और परिजनों व पुलिस को सूचना दी। अंधेरा और तेज बहाव होने के कारण सोमवार रात सर्च ऑपरेशन शुरू नहीं किया जा सका।
मंगलवार सुबह लेमरू पुलिस, ग्रामीणों और बचाव दल ने संयुक्त रूप से सर्च अभियान चलाया। कई घंटे की मशक्कत के बाद राहुल का शव घटनास्थल से तीन किलोमीटर दूर नाले में फंसा मिला। शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
लेमरू पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button