Chhattisgarh

सहारा इंडिया निवेश धोखाधड़ी मामले में बड़ी कार्रवाई, 3 साल से फरार ब्रांच मैनेजर गिरफ्तार

Share

रायगढ़ पुलिस ने ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ अभियान के तहत सहारा इंडिया निवेश धोखाधड़ी मामले में करीब तीन साल से फरार चल रहे ब्रांच मैनेजर विजय कुमार शराफ (54) को गिरफ्तार किया है। कोतवाली पुलिस ने आरोपी को कोतरारोड़ क्षेत्र से पकड़ा और न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, वर्ष 2022 में दर्ज शिकायत में सहारा इंडिया के अधिकारियों और कर्मचारियों पर निवेशकों को भरोसा दिलाकर करोड़ों रुपये जमा कराने और परिपक्वता अवधि पूरी होने के बाद भी राशि वापस नहीं करने का आरोप लगाया गया था। जांच में अब तक 3,848 निवेशकों से करीब 40.78 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का खुलासा हुआ है। पुलिस ने बताया कि आरोपी लंबे समय से ठिकाने बदलकर फरार था, जिसे सूचना मिलने पर उसके ससुराल क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button