भीषण सड़क हादसे, दंपति की मौके पर मौत, बस-ट्रेलर की टक्कर में कई घायल

छत्तीसगढ़ में शुक्रवार को अलग-अलग जिलों में हुए सड़क हादसों में तीन लोगों की जान चली गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। धमतरी जिले में पंडरीपानी-खड़मा गांव के बीच अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दंपति प्रेमलाल नेताम और कुमारी बाई नेताम को टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया कि दोनों प्रेमलाल के भाई के अंतिम संस्कार में शामिल होने दुगली गांव जा रहे थे। वहीं धमतरी के देवपुर में कार और बाइक की टक्कर में एक युवक के दोनों पैर कट गए और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि तीन युवतियां घायल हो गईं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दूसरी ओर, बलरामपुर जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग-343 पर हल्लाहाल पुल के पास यात्री बस और ट्रेलर की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बस में सवार करीब आधा दर्जन यात्री घायल हुए, हालांकि बड़ा हादसा टल गया। सभी मामलों में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल भेजा, शवों को पोस्टमार्टम के लिए रवाना किया और आगे की जांच शुरू कर दी है।






