Chhattisgarh

हाथियों ने 9 ग्रामीणों के घर और 10 किसानों की फसल को पहुँचाया नुकसान

Share

रायगढ़। जिले में बीती रात हाथियों ने 9 ग्रामीणों के मकान और 10 किसानों की फसल को नुकसान पहुंचाया है। इसकी जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम नुकसान का आंकलन कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ वन मंडल के कापू रेंज में बीती रात 9 मकानों को तोड़ा है। इसमें गंझू रामकोरवा, रतिराम, अमीरसाय, बुधिराम, सुखदेव, घुरटीबाई, बालकुंवर के अलावा अलोला में मनीजर किस्पोट्टा, शनि लकड़ा के मकान को तोड़ा है। साथ ही दिलीप के अहाता को तोड़कर धान खाते हुए कार को डैमेज किया है। इसके अलावा हाथियों के दल ने अलग-अलग रेंज में 10 किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाया है। हाथियों के द्वारा नुकसान पहुंचाये जाने की जानकारी मिलने के बाद आज सुबह वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर नुकसान का आंकलन करते हुए आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
कापू क्षेत्र के ग्रामीणों ने बताया कि कापू रेंज के अलोला बीट में विचरण कर रहे मादा हाथी और उसके शावक बीते कई दिनों से रात होते ही भोजन की तलाश गांव पहुंचकर ग्रामीणों के मकान को तोडकर नुकसान पहुंचा रहे हैं जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल निर्मित हो गया है। वन विभाग के आंकड़ो के मुताबिक धरमजयगढ़ वन मंडल के अलग-अलग रेंज में 97 हाथी विचरण कर रहे हैं जिसमें 36 नर, 41 मादा के अलावा 20 शावक शामिल है।
कापू वन परिक्षेत्र अधिकारी ने बताया कि क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए दिन व रात हाथियों के मूवमेंट पर नजर रखते हुए गांव-गांव में मुनादी कराई जा रही है। साथ ही ग्रामीणों से हाथियों से दूरी बनाये रखने अपील की जा रही है।
रायगढ़ वनमंडल में 56 हाथी सक्रिय:
रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ वन मंडल में जहं 97 हाथी हैं वहीं रायगढ़ वन मंडल में भी 56 हाथी अलग-अलग दलों में विचरण कर रहे हैं। जिसमें काटाझरिया में 17, जुनवानी में 9, कमतरा में 18, पूंजीपथरा में 10 के अलावा बटुराकछार में 2 हाथी मौजूद है। बीती रात पूंजीपथरा क्षेत्र के गांव तुमिडीह में हाथी ने एक किसान के सब्जी की फसल को नुकसान करते हुए एक झोपडी को तोड़ा है।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button