NEET परीक्षा को लेकर भोपाल में ट्रैफिक प्लान तैयार, 32 केंद्रों पर रहेगी सख्त व्यवस्था

राजधानी भोपाल में 21 जून को आयोजित होने वाली नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (NEET) परीक्षा को लेकर ट्रैफिक पुलिस और प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। शहर में परीक्षा के लिए कुल 32 केंद्र बनाए गए हैं। मेट्रो निर्माण कार्य और परीक्षार्थियों की संभावित भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष एडवाइजरी जारी की है। प्रशासन ने अभ्यर्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे समय से पहले घर से निकलें और जाम से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें। आनंद नगर परीक्षा केंद्र जाने वाले छात्रों को चेतक ब्रिज, गोविंदपुरा, भेल और महात्मा गांधी चौराहा मार्ग से जाने की सलाह दी गई है, जबकि गौतम नगर केंद्र के लिए नादरा बस स्टैंड, अग्रवाल धर्मशाला, छोला गणेश मंदिर और जेपी ब्रिज तिराहा मार्ग का उपयोग करने को कहा गया है। परीक्षा केंद्रों के आसपास वाहनों की पार्किंग पर पूरी तरह रोक रहेगी। किसी भी परेशानी या मार्ग संबंधी जानकारी के लिए ट्रैफिक पुलिस ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों को नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा। रिपोर्टिंग का अंतिम समय दोपहर 1:30 बजे तक रहेगा, इसके बाद प्रवेश बंद कर दिया जाएगा। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ, ईयरफोन, कैलकुलेटर सहित इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना प्रतिबंधित रहेगा। एनटीए के ड्रेस कोड के अनुसार छात्रों को हल्के रंग के साधारण कपड़े पहनने होंगे और गहने, बेल्ट, घड़ी, बड़े बटन वाले कपड़े तथा मोटे सोल वाले जूते पहनने से बचना होगा।







