ChhattisgarhRegion

अंतरराज्यीय नाट्य स्पर्धा में रंगभूमि की टीस रही उप विजेता

Share


रायपुर।
राजनांदगांव में हुए अंतरराज्यीय नाट्य स्पर्धा में महाराष्ट्र मंडल की सहयोगी नाट्य संस्‍था ‘रंगभूमि’ के कलाकारों ने नाटक ‘टीस’ में अपने बेहतरीन अभिनय का प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया। रंगभूमि के कलाकार आकाश वरठी और ट्विंकल परमार ने भी क्रमश: सर्वश्रेष्ठ सह अभिनेता और सह अभिनेत्री का पुरस्कार भी अपने नाम किया। स्‍पर्धा भारत रत्न स्व. अटल बिहारी बाजपेयी मेडिकल कॉलेज ऑडिटोरियम में हुई।
‘टीस’ की परिकल्पना करने वाले आचार्य रंजन मोड़क ने बताया कि स्पर्धा में एकल और एकांकी नाटक सहित कुल 10 नाटकों का मंचन हुआ। इसमें पश्चिम बंगाल से कोलकाता, मध्‍य प्रदेश से इंदौर, छिंदवाड़ा छत्‍तीसगढ़ से रायपुर, धमतरी, राजनांदगांव के नाट्य समूह ने भाग लिया। समूह नाटक में प्रथम स्थान इंदौर के ‘गज फुट इंच’ को प्राप्त हुआ। स्‍पर्धा में उप विजेता रंगभूमि के नाटक ‘टीस’ को और तीसरे स्थान पर छिंदवाड़ा नाट्य दल का नाटक रहा। प्रतियोगिता में निर्णायक संतोष जैन रायपुर, राजकुमार सोनी दुर्ग, शक्ति चटर्जी भिलाई, मनोज गुप्ता डोंगरगढ़ और रंजन घोष कोलकाता थे।
आचार्य मोड़क के मुताबिक नाटक के लेखक लोकेश रंजन है। निर्देशन युवा निर्देशक लोकेश साहू ने किया। नाटक में प्रांजल सिंह राजपूत (बाबूजी), आकाश वरठी (रजत), ट्विंकल परमार (मीना), प्रभात साहू (बलवंत), रंजना ध्रुव (लेखक की पत्नी), अक्षदा मातुरकर (कांता) मंच पर नजर आए। चंचल ध्रुव निर्देशक की भूमिका में रहीं। वहीं मंच व्यवस्था रिया परमार, ध्वनि और प्रकाश संयोजन नीतीश यादव ने संभाल रखी थी।
बताते चलें कि हिंदी रंगमंच दिवस पर तीन अप्रैल को नाटक ‘टीस’ का पहली बार मंचन महाराष्‍ट्र मंडल के संत ज्ञानेश्‍वर सभागृह में किया गया था, जिसे काफी पसंद किया गया। रंगभूमि की इस सफलता पर महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय मधुकर काले, उपाध्यक्ष गीता श्याम दलाल, सचिव चेतन दंडवते सहित कार्यकारिणी सदस्‍यों ने उन्‍हें बधाई देते हुए सभी कलाकारों को शुभकामनाएं दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button