बस्तर सांस्कृतिक साहित्य एवं कला परिषद का गठन, गोकुल बने अध्यक्ष

कोंडागांव। जिले की कला, साहित्य और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से बस्तर सांस्कृतिक साहित्य एवं कला परिषद, जिला कोंडागांव का गठन किया गया, गोकुल वैद्य को सर्वसम्मति से बस्तर सांस्कृतिक साहित्य एवं कला परिषद का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इस अवसर पर जिले के कलाकारों, साहित्यकारों और कला प्रेमियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसमें परिषद की जिला समिति का विस्तार किया गया। बैठक में स्थानीय कलाकारों को अधिक अवसर उपलब्ध कराने, सांस्कृतिक गतिविधियों को सशक्त बनाने तथा बस्तर की समृद्ध लोक कला और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने पर विस्तृत चर्चा हुई। कलाकारों ने सांस्कृतिक आयोजनों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और कलाकारों के पंजीयन संबंधी विभिन्न सुझाव भी दिए।
परिषद के पदाधिकारियों ने बताया कि संस्था कलाकारों और साहित्यकारों को एक साझा मंच प्रदान कर उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने तथा उन्हें शासकीय योजनाओं से जोडऩे का कार्य करेगी। बैठक में उपस्थित कलाकारों ने जिले की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया। बैठक का समापन नव निर्वाचित अध्यक्ष गोकुल वैद्य द्वारा सभी कलाकारों के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ हुआ। इसमें जिले के बड़ी संख्या में वरिष्ठ कलाकार एवं साहित्यकार शामिल रहे।







