ChhattisgarhRegion

दपूमरे महाप्रबंधक प्रकाश ने आधारशिला विद्यालय के नवीन भवन का लोकार्पण कर किया वृक्षारोपण

Share

रायपुर/बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर स्थित आधारशिला विद्यालय के नवीन भवन का लोकार्पण किया गया साथ ही अवसर पर विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया। इस अवसर पर श्रीमती मीनाक्षी शर्मा, अध्यक्षा, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे महिला कल्याण संगठन (सेक्रो) विशेष रूप से उपस्थित थी।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना एवं पूजन के साथ किया गया। महाप्रबंधक तरुण प्रकाश द्वारा शिलापट्ट का अनावरण कर विद्यालय भवन का औपचारिक उद्घाटन किया गया। इसके बाद उन्होंने विद्यालय का अवलोकन किया तथा बच्चों द्वारा किए जा रहे शैक्षणिक एवं प्रशिक्षण गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण के संदेश को बढ़ावा देने हेतु वृक्षारोपण कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें महाप्रबंधक, अध्यक्षा एवं उपस्थित अधिकारियों द्वारा पौधारोपण किया गया।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे महिला कल्याण संगठन (सेक्रो) द्वारा संचालित आधारशिला विद्यालय का मुख्य उद्देश्य मानसिक रूप से दिव्यांग बच्चों को समुचित शिक्षा एवं प्रशिक्षण प्रदान कर उनका सर्वांगीण विकास करना तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। विद्यालय में वर्तमान में कुल 20 बच्चे अध्ययनरत हैं। यहाँ बच्चों को विशेष शिक्षण पद्धति के माध्यम से प्रशिक्षण दिया जाता है, जिसमें खेल-खेल में सीखने की प्रक्रिया, दृश्य-श्रव्य माध्यमों, चित्रों एवं वीडियो आदि का उपयोग किया जाता है। इस शिक्षण प्रक्रिया में धैर्य एवं निरंतर अभ्यास को विशेष महत्व दिया जाता है।
विद्यालय में बच्चों को स्वयं भोजन करना, कपड़े पहनना, जूते पहनना, अपनी भावनाओं एवं आवश्यकताओं को व्यक्त करना तथा दैनिक कार्य स्वयं करने का प्रशिक्षण दिया जाता है, ताकि वे किसी पर निर्भर न रहें और आत्मविश्वास के साथ जीवन जी सकें।इस अवसर पर श्री आदित्य कुमार, प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी सहित दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के सभी विभागाध्यक्ष, अधिकारीगण एवं दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे महिला कल्याण संगठन की पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button