शराब भट्ठी हटाने की मांग, ABVP और छात्रों ने NH-30 पर किया चक्काजाम

जिले के पोंडी में संचालित शराब भट्ठी को हटाने की मांग को लेकर शुक्रवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं और स्कूली छात्रों ने रायपुर-जबलपुर नेशनल हाईवे 30 पर चक्काजाम कर दिया। लंबे समय से शराब भट्ठी के स्थानांतरण की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किए जा रहे थे, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से नाराज प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर उतरकर उग्र प्रदर्शन किया। धरने और चक्काजाम का असर इतना व्यापक रहा कि प्रदेश के डिप्टी सीएम विजय शर्मा का काफिला भी इस मार्ग से आगे नहीं बढ़ सका। मौके पर प्रशासन और पुलिस की टीम प्रदर्शनकारियों को समझाने में जुटी रही। धरना-प्रदर्शन के चलते NH-30 के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों और अन्य वाहन चालकों को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि शराब भट्ठी के कारण आसपास का माहौल खराब हो रहा है और स्कूली छात्रों पर इसका नकारात्मक असर पड़ रहा है।







