ChhattisgarhCrimeRegion

ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस पर पत्थर फेंकने वाले दो नाबालिग गिरफ्तार

Share

राजनांदगांव। रसमड़ा-दुर्ग रेलखंड के किमी 869/10-12 के पास रविवार को 12101 ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस के सामान्य कोच में पत्थर फेंकने से कोच का शीशा टूट गया। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल सक्रिय हो गया और आरपीएफ ने जांच के बाद दो नाबालिग युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि यह घटना किसी आपराधिक साजिश के तहत नहीं, बल्कि आपसी शर्त के चलते हुई।
मंडल सुरक्षा आयुक्त दीप चंद्र आर्य के निर्देश पर राजनांदगांव आरपीएफ पोस्ट प्रभारी और निरीक्षक के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास सघन जांच शुरू की। पतासाजी के दौरान बघेरा गेट के पास दो नाबालिग संदिग्ध अवस्था में मिले, जिन्हें हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान एक नाबालिग ने बताया कि वह अपने दोस्त के साथ तालाब में नहाने आया था। इसी दौरान दोनों के बीच निशानेबाजी की शर्त लगी। शर्त के तहत गुजरती ट्रेन पर पत्थर मारना था। पत्थर सीधे कोच के शीशे पर लगा और वह क्षतिग्रस्त हो गया। आरोपी ने यह बात अपने अभिभावक के सामने भी स्वीकार की। इस मामले में आरपीएफ पोस्ट राजनांदगांव में दोनों नाबालिगों के खिलाफ रेल अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button