यह क्रांतिकारी जीत भारतीय राजनीति में विचारधारात्मक वर्चस्व के एक नए युग की परिचायक : साय

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने प. बंगाल, असम और पुडुचेरी में भाजपा की ऐतिहासिक जीत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा है कि भाजपा/एनडीए की यह क्रांतिकारी जीत भारतीय राजनीति में विचारधारात्मक वर्चस्व के एक नए युग की परिचायक है। जहाँ विपक्ष क्षेत्रीय पहचान और तुष्टीकरण पर केंद्रित रहा, वहीं एनडीए ने विकास, सांस्कृतिक गौरव और राष्ट्रीय सुरक्षा पर जनमत को चैतन्य किया और ये नतीजे बताते हैं कि अब भारतीय मतदाता क्षेत्रीय हितों को राष्ट्रीय सुरक्षा और अखंडता के साथ जोड़कर देख रहा है।
साय ने कहा कि पश्चिम बंगाल के चुनाव परिणाम स्पष्ट करते हैं कि वहां की जनता ने तुष्टिकरण और हिंसा की राजनीति को नकार कर विकास और सोनार बांग्ला के संकल्प को चुना है। भाजपा ने बंगाल में एक नया इतिहास रचा है, जो लोकतंत्र की विजय है। असम की जनता ने मुख्यमंत्री डॉ. हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व और डबल इंजन सरकार के कार्यों पर पुन: विश्वास जताकर विकास की यात्रा को निरंतर रखने का जनादेश दिया है। पुडुचेरी में भी जनता ने एनडीए के सुशासन मॉडल को स्वीकारा है, जो दक्षिण भारत में भाजपा और सहयोगियों की बढ़ती स्वीकार्यता का प्रमाण है। श्री साय ने कहा कि इन राज्यों के परिणाम छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश के कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करेंगे। यह जीत राष्ट्रवाद और जनकल्याणकारी नीतियों के प्रति जनता के अटूट विश्वास का प्रतिबिंब है।






