समर कैंप के समापन समारोह में बच्चों ने प्रस्तुत किए भजन- गीत

रायपुर। महाराष्ट्र मंडल के संत ज्ञानेश्वर इंग्लिश मीडियम स्कूल में आयोजित 10 दिवसीय समर कैंप का समापन सोमवार को हुआ। इस अवसर पर बच्चों ने सुमधुर भजनों- गीतों की प्रस्तुति दी। कैंप में बच्चों ने सीखे योग, आसन और आर्ट एंड क्राफ्ट की सुंदर कलाकृतियां प्रदर्शित कीं।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि मंडल के सचिव चेतन दंडवते ने चार विद्यार्थियों के प्रवीण्य सूची में स्थान बनाने की सराहना करते हुए आने वाले सत्र में अच्छे प्रदर्शन के लिए उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि समर कैंप में आकर बच्चों की क्रिएटिविटी सामने आती है और विकसित भी होती है। बच्चों को बहुत कुछ सीखने को मिलता है। उपाध्यक्ष गीता दलाल ने समर कैंप की सराहना करते हुए शिक्षकों और विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि स्कूलों में छुट्टियां लगने के बाद बच्चे घर पर बोर होते हैं। ऐसे में उनके स्क्रीन एडिक्ट होने की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे में समर कैंप जैसे आयोजन बच्चों को स्क्रीन से दूर रखने में सहायक होते हैं। टेली प्रशिक्षक जगदीश हबलानी ने प्राचार्य मनीष गोवर्धन को ऐसे सकारात्मक एवं उपयोगी शिविर के आयोजन के लिए धन्यवाद दिया। दोनों विशिष्ट अतिथियों को प्राचार्य ने स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
समापन कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने एक भजन और गीत प्रस्तुत किया। योग आसनों का बेहद सटीक प्रदर्शन किया। साथ ही कैंप के दौरान सीखा हुआ नृत्य भी प्रस्तुत किया। शिविर में आर्ट एंड क्राफ्ट सेगमेंट में बच्चों की ओर से बनाए गए सामानों की प्रदर्शनी लगाई गई, जिसकी सभी अतिथियों ने सराहना की। समापन समारोह के उपरांत बच्चों को फल और गिफ्ट देकर उत्साहित किया गया। पूरे कैंप के दौरान रोशन सिंह राजपूत ने वीडियो बनाकर व नियमित फोटोग्राफी कर टैली क्लासेस के लिए विद्यार्थियों को मोटीवेट किया।
कार्यक्रम में उप प्राचार्य राहुल वोडितेलवार, पालक और समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। समर कैंप की इंचार्ज अपर्णा आठले ने पूरे कैंप के दौरान हुई सभी गतिविधियों की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन आराधना लाल ने किया। भजन, गीत व म्यूजिक में विवेक सिंह राजपूत, अस्मिता कुसरे व वंदना बिसेन में प्रस्तुत किया।







