ड्राइवर 50 लाख और कार लेके भागा, 7 लोग गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी में 50 लाख के गबन मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी ड्राइवर कृष्णा साहू समेत कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 49 लाख 50 हजार रुपये नकद, कार सीजी 04 क्यूजी 6633 और वारदात में इस्तेमाल कार सीजी 06 एचबी 8055 जब्त की गई है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 66.50 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, इस मामले का मास्टरमाइंड ड्राइवर कृष्णा साहू ही था। जिसने अपने रिश्तेदारों के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया।
शिकायतकर्ता अखिलेश ने थाना खम्हारडीह में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 25 अप्रैल 2026 की दोपहर 3:30 बजे उनके जीजा उमेश अग्रवाल ने फोन कर बताया कि ड्राइवर कृष्णा साहू और अकाउंटेंट भूपेंद्र देवांगन कंपनी की कार से 50 लाख रुपये लेकर बैंक गए थे, लेकिन बैंक बंद होने के कारण वे वापस लौट रहे थे।
इसी दौरान गीतांजलि नगर स्थित भारत माता मूर्ति के पास ड्राइवर ने गुटखा लेने के बहाने अकाउंटेंट को कार से उतार दिया और कार समेत 50 लाख रुपये लेकर फरार हो गया। इसके बाद आरोपी ने अपना मोबाइल बंद कर लिया था।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर और पुलिस उपायुक्त (क्राइम) स्मृतिक राजनाला के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा खम्हारडीह पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई।
घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तकनीकी विश्लेषण किया और आरोपी की मूवमेंट को ट्रैक किया। जिसके बाद आरोपी कृष्णा साहू को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने परिवार और साथियों के साथ मिलकर पहले से योजना बनाई थी और गबन की रकम को आपस में बांट लिया था। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
आरोपियों के खिलाफ थाना खम्हारडीह में अपराध क्रमांक 136/26 के तहत धारा 316(4), 306 और 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में कृष्णा साहू मुख्य आरोपी, कन्हैया राणा, सविता साहू, भुनेश्वर साहू, ओम प्रकाश साहू, विष्णु प्रसाद पटेल और टीकम पटेल शामिल हैं।








