वेदांता पावर प्लांट हादसे में पिछले 24 घंटे में 3 और घायल मजदूरों की मौत

रायपुर। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में हुए वेदांता पावर प्लांट हादसे में पिछले 24 घंटे में 3 और घायल मजदूरों ने दम तोड़ दिया। मौत का आंकड़ा बढ़कर 23 तक पहुंच गया है। रायपुर के कालड़ा हॉस्पिटल में 2 घायलों की इलाज के दौरान जान चली गई। इनमें उमेंद्र शाह और मध्यप्रदेश के एक अन्य मजदूर शामिल हैं।रायगढ़ मेडिकल कालेज में भर्ती पश्चिम बंगाल के सुब्रतो जेना की भी मौत हो गई है। अभी भी गंभीर रुप से झुलसे हुए 13 लोगों का उपचार जारी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार द्वारा तो जांच के आदेश दे ही दिए गए हैं पुलिस के साथ प्रशासनिक स्तर पर जांच की प्रक्रिया और तेज कर दी गई है। बता दें यह हादसा 14 अप्रैल की दोपहर वेदांता पावर प्लांट के बॉयलर-1 में ट्यूब फटने से हुआ। विस्फोट इतना तेज था कि बॉयलर की संरचना को भारी नुकसान पहुंचा। सूत्र बता रहे हैं कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि प्लांट में लंबे समय से तकनीकी खामियां मौजूद थीं। इसके बावजूद संचालन जारी रखा गया, जो इस बड़े हादसे की वजह बना। वहीं दूसरी ओर मजदूर संगठन घोषित मुआवजे को अपर्याप्त बताते हुए 35 लाख की जगह एक करोड़ की मांग कर रहे हैं।







