ChhattisgarhCrimeRegion

वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर फटने से 4 मजदूरों की दर्दनाक मौत, 40 से अधिक गंभीर

Share

सक्ती। सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार दोपहर 2 बजे प्लांट का बॉयलर अचानक जोरदार धमाके के साथ फट गया। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 4 मजदूरों की मौत को चुकी है और एसपी प्रफुल्ल ठाकुर ने इसकी पुष्टि की है। जबकि 30 से 40 मजदूर गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं जिनमें 8 की हालत गंभीर है। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहाँ कई की हालत नाजुक बनी हुई है। समाचार लिखे जाने तक मृतकों के नाम सामने नही आए थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा उस वक्त हुआ जब बॉयलर के नीचे बड़ी संख्या में मजदूर अपने दैनिक कार्यों में लगे थे। दोपहर करीब 2 बजे अचानक बॉयलर में तकनीकी खराबी के चलते जोरदार ब्लास्ट हुआ। धमाका इतना भीषण था कि प्लांट का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और वहां काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद प्लांट परिसर में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। घायलों को एंबुलेंस के जरिए निजी और सरकारी अस्पतालों में भेजा गया है। प्रशासन ने मृतकों की संख्या बढऩे की आशंका जताई है।
इस पूरे मामले में वेदांता पावर प्लांट प्रबंधन की घोर लापरवाही उजागर हुई है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, बॉयलर के रख-रखाव में कमी और सुरक्षा मानकों की अनदेखी इस बड़े हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है। आक्रोशित परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने प्लांट के बाहर प्रदर्शन करते हुए प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
प्रशासनिक अधिकारी ने का कहना था कि हादसा बेहद दुखद है। घायलों को बेहतर उपचार दिलाना हमारी प्राथमिकता है। मामले की जांच के लिए तकनीकी टीम गठित की जाएगी और दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button