ChhattisgarhCrimePoliticsRegion

वीआईपी रोड के फार्महाउसों में अवैध नशे की पार्टियों पर रोक लगाने युकां ने की मांग

Share


रायपुर।
प्रदेश युवक कांग्रेस के प्रदेश महासचिव भावेश शुक्ला ने रायपुर की कमिश्नरेट प्रणाली पर सवाल उठाते हुए तेलीबांधा थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने वीआईपी रोड स्थित फार्महाउसों में चल रही अवैध नशे की पार्टियों को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की। भावेश शुक्ला ने बताया कि बीते कुछ दिनों से इन फार्महाउसों में रईसजादों द्वारा खुलेआम हुक्का एवं शराब का सेवन करते हुए पार्टियाँ आयोजित की जा रही हैं, जिनके वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ प्रशासन की जानकारी के बावजूद संचालित होना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है, जिससे आम जनता में गलत संदेश जा रहा है कि कानून केवल आम लोगों के लिए ही लागू है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कमिश्नर प्रणाली लागू होने के बाद भी तेलीबांधा क्षेत्र में इस तरह की गतिविधियों पर कोई ठोस कार्यवाही नहीं हो रही है, जबकि सामान्य वर्ग के लोगों पर छोटी-छोटी बातों में त्वरित कार्रवाई की जाती है। यह दोहरी नीति बेहद चिंताजनक है। भावेश शुक्ला ने यह भी आरोप लगाया कि किसी प्रतिष्ठित एनजीओ की आड़ में इन अवैध गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे सामाजिक वातावरण एवं कानून व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
प्रदेश युवक कांग्रेस ने प्रशासन से मांग की है कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए उसमें शामिल सभी व्यक्तियों की पहचान कर सार्वजनिक किया जाए तथा आयोजकों एवं संबंधित फार्महाउस मालिकों पर सख्त कानूनी कार्यवाही की जाए। साथ ही वीआईपी रोड क्षेत्र में इस प्रकार की गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाने एवं यदि किसी प्रकार का संरक्षण दिया जा रहा है, तो उसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
भावेश शुक्ला ने चेतावनी दी है कि यदि आगामी 2 दिनों के भीतर ठोस कार्रवाई नहीं की जाती है, तो प्रदेश युवक कांग्रेस उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। इस अवसर पर प्रदेश महासचिव भावेश शुक्ला, प्रवक्ता शुभम, लक्षित, मृगेंद्र, जिला उपाध्यक्ष तारिक अनवर ख़ान, अतीक मेमन, मो. हसन, आशीष बाजपेयी, खुशराज ढिल्लन, जिशान, अनिकेत महतो, साहिल, कृष्णा एवं चंदन उपस्थित रहे।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button