नाबालिग से गैंगरेप मामले के एक नाबालिग सहित सभी 4 आरोपी गिरफ्तार

बीजापुर। भैरमगढ़ थाना क्षेत्र में घुमाने के बहाने नाबालिग लड़की से 5 दोस्तों ने गैंगरेप किया है, इसमें एक नाबालिग भी शामिल है। नाबालिग आरोपी को पीडि़ता पहले से जानती थी। वारदात के बाद पीडि़ता को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पीडि़ता की शिकायत पर पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि नाबालिग को कस्टडी में लिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 11 अप्रैल 2026 की रात एक परिचित नाबालिग लड़का उसे घुमाने के बहाने घर से बाहर बुलाया। फिर बहला-फुसलाकर सुनसान जगह पर ले गया, जहां उसके साथ रेप किया। उसके बाद नाबालिग के 4 दोस्तों ने भी उससे दुष्कर्म किया। वारदात के बाद पीडि़ता ने अपने परिजनों को पूरी आप-बीती बताई। 12 अप्रैल की (रविवार) सुबह भैरमगढ़ थाने पहुंची और मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया। घटना के बाद पीडि़ता को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
बीजापुर एएसपी चंद्रकांत गवर्ना ने बताया कि नाबालिग से गैंगरेप मामले में 4 आरोपियों जिसमें अंकित परबुलिया, लक्ष्मीनाथ लेकाम, सुनील परबुलिया और जातवेद मोडिय़ाम को गिरफ्तार किया गया है। एक नाबालिग आरोपी को कस्टडी में रखा गया है। इस मामले के सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।
बीजापुर एसपी जितेंद्र यादव ने कहा कि सभी आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा जाएगा, जबकि नाबालिग आरोपी को किशोर न्याय बोर्ड के सामने पेश किया जाएगा। इस मामले में सख्त कार्रवाई की जा रही है। दोषियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए सभी जरूरी सबूत जुटाए जा रहे हैं।







