सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की हुई मौत

कांकेर। जिले के कोरर थाना क्षेत्र अंर्तगत ग्राम बड़े गौरी के पास शुक्रवार को एक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस पता लगा रही है कि युवकों की बाइक को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी थी, या फिर वे स्वयं ही अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गए थे। पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है। मृतकों के परिजन भी हादसे की खबर सुनकर मौके पर पहुंच गए थे। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शवों को उनके परिजनों को सौंप दिया गया।
कोरर थाना प्रभारी जितेंद्र गुप्ता ने बताया कि पुलिस को ग्राम बड़े गौरी के पास हुए सड़क हादसे की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच में मृतकों की पहचान की। मृतकों में रिखेंद्र कुमार कोरेटी पथरीपारा के निवासी थे। दूसरे मृतक गौतम कोरेटी बड़े पथरीपारा का रहने वाला था। दोनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर जनपुरी की ओर जा रहे थे, इसी दौरान उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिससे दोनों की जान चली गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आवश्यक कार्रवाई की।







