निर्माण कार्यों में लापरवाही, इंजीनियर-ठेकेदार को नोटिस

मुंगेली। कलेक्टर कुन्दन कुमार ने विभिन्न निर्माण एवं अधोसंरचना कार्यों का सघन निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का स्थल पर पहुंचकर जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान लापरवाही और धीमी प्रगति पर उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की अनियमितता या गुणवत्ता में कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कलेक्टर ने निर्माणाधीन स्विमिंग पूल का निरीक्षण कर उसके ड्राइंग, डिजाइन और लागत का विस्तार से अवलोकन किया. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि छत्तीसगढ़ के अन्य उत्कृष्ट स्विमिंग पूलों का अध्ययन कर आधुनिक सुविधाओं से युक्त, आकर्षक एवं उपयोगी स्वरूप में इसका निर्माण किया जाए। उन्होंने गौरव पथ निर्माण कार्य में अत्यधिक धीमी प्रगति और कार्य के रुके होने पर नाराजगी व्यक्त की.। उन्होंने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को संबंधित ठेकेदार के खिलाफ तत्काल नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। सभी लंबित निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूर्ण किया जाए, विशेष रूप से बारिश शुरू होने से पहले, ताकि शहरवासियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। .
मुंगेली प्रवेश द्वार की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं पाए जाने पर कलेक्टर ने संबंधित इंजीनियर और ठेकेदार को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने गेट की गुणवत्ता में तत्काल सुधार करने और आसपास की सड़कों को दुरुस्त करने के आदेश दिए।







