शिकार कर इंस्टाग्राम पर डाला दुर्लभ वन्य जीव का वीडियो

बीजापुर। दुर्लभ वन्य जीव का शिकार कर वीडियो सोशल मीडिया में डालने के कारण शिकारी वन विभाग के फंदे में आ गया । दुर्लभ वन्य जीव मालाबार जायंट स्क्विरल (गिलहरी) का शिकार करने वाले एक आरोपी को वन विभाग की टास्क फोर्स ने गिरफ्तार किया है।
आरोपी ने शिकार का वीडियो खुद ही इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया था, जो उसके लिए ही सबूत बन गया।
वन विभाग की राज्य स्तरीय उड़नदस्ता टीम ने वायरल वीडियो को ट्रैक करते हुए आरोपी की पहचान की और बीजापुर जिले के तोड़मा क्षेत्र से उसे गिरफ्तार किया। गौरतलब है कि गिलहरी वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत अनुसूची-1 में शामिल प्रजाति है, इसका शिकार करना गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है।
आरोपी ने इंस्टाग्राम पर दुर्लभ गिलहरी के शिकार का वीडियो अपलोड किया था, जिसमें 9 मालाबार जायंट स्क्विरल (गिलहरी) नजर आ रहे हैं। वन विभाग ने आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।






