कांग्रेस भवन में तोडफ़ोड़, महासमुंद उपाध्यक्ष साव 6 साल के लिए निष्कासित

महासमुंद। जिला अध्यक्ष द्वारिकाधीश यादव ने उपाध्यक्ष विजय साव को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से 6 वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया है। यह कार्रवाई प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अनुशासनात्मक नियमावली के तहत की गई है। जारी पत्र में उल्लेख किया गया है कि 2 अप्रैल को कांग्रेस कार्यालय में हुई घटना से संगठन की छवि को गंभीर नुकसान पहुंचा। पार्टी ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए यह निर्णय लिया है।
उपाध्यक्ष विजय साव ने कांग्रेस भवन में मामूली विवाद के दौरान पूर्व कोषाध्यक्ष निर्मल जैन के साथ मारपीट की थी। इस दौरान कार्यालय परिसर में कुर्सियां भी तोड़ी गई, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। घटना के समय जिला अध्यक्ष द्वारिकाधीश यादव भी मौके पर मौजूद थे। इस पूरे घटनाक्रम के बाद संगठन ने कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट संकेत दिया है कि अनुशासनहीनता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।







