ChhattisgarhRegion

पहली बार गंगरेल बांध में शुरू हुई वाटर एंबुलेंस सेवा, जल्द जारी होगा टोल-फ्री नंबर

Share

धमतरी। दशकों बाद गंगरेल बांध डूबान वासियों के लिए राहत भरी खबर आई है। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के प्रयास से थर्ड पार्टी अनुबंध के तहत यहां वाटर एंबुलेंस सेवा शुरू हो गई है। जल्द ही इसके लिए टोल-फ्री नंबर जारी किया जाएगा। यहां के लोगों को अब त्वरित स्वास्थ्य सुविधा के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। जलमार्ग से वाटर एंबुलेंस सेवा के तहत यहां बसे ग्रामीण गंगरेल के अथाह पानी से बाहर आएंगे और जल्द से जल्द अस्पताल भी पहुंचेंगे।
गंगरेल डूबान के लोग दशकों से इलाज के लिए संघर्ष कर रहे हैं। आपात स्थिति में गंभीर मरीजों को अस्पताल तक लाने में डूबानवासियों की हालत खराब हो जाती थी। कई बार त्वरित उपचार नहीं मिलने के कारण जान भी जा चुकी है। अब वाटर एंबुलेंस की सुविधा मिलने से आपातकालीन परिस्थितियों में यहां के मरीजों को समय पर उपचार मिल सकेगा। अब तक यहां के लोग 40 से 50 किमी जंगल का रास्ता तय कर चारामा या नगरी रोड तक पहुंचकर धमतरी या नगरी अस्पताल पहुंचते थे। जल मार्ग से यह दूरी लगभग 7 किमी रह जाएगी। इसके बाद सुविधा अनुसार मरीजों को उनके परिजन अस्पताल तक पहुंचा सकेंगे।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि यह प्रयास केवल एक परिवहन सुविधा नहीं, बल्कि दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों के लिए जीवन रक्षक सेवा साबित होगा। जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि अंतिम छोर पर बसे व्यक्ति तक भी स्वास्थ्य, शिक्षा एवं आवश्यक सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित हो।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button