प्रस्तावित चूना भट्ठी के विरोध में प्रदर्शन, 8 कांग्रेसियों पर मामला दर्ज

सारंगढ़। नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में प्रस्तावित चूना भट्ठी (फैक्ट्री) के विरोध में धरना-प्रदर्शन करने वाले आठ कांग्रेसी नेताओं विनोद भारद्वाज, राजीव सिंह, घनश्याम मनहर, राकेश पटेल, संजय दुबे, रमेश खूंटे, शुभम बाजपेई और संजय तिवारी एवं अन्य आंदोलनकारियों के विरुद्ध सारंगढ़ सिटी कोतवाली में तहसीलदार द्वारा प्रशासनिक प्रतिवेदन भेजे जाने के बाद मामला दर्ज किया गया है। कांग्रेसी नेताओं ने स्पष्ट रूप से कहा कि वे इस कार्रवाई से भयभीत नहीं हैं और जनहित की मांग को लेकर उनका विरोध आगे भी जारी रहेगा। उनका कहना है कि इस मुद्दे पर उन्हें आम जनता का व्यापक समर्थन प्राप्त है और लोग भी फैक्ट्री के संभावित दुष्प्रभावों को समझ रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बीते दिवस कलेक्ट्रेट परिसर में कांग्रेस जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा प्रस्तावित चूना फैक्ट्री के विरोध में धरना-प्रदर्शन किया गया था। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी शामिल हुए थे। प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित नेताओं के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है। एफआईआर दर्ज होने के बाद कांग्रेसी खेमे में हलचल तेज हो गई है। आरोपित नेताओं का कहना है कि उनका आंदोलन पूरी तरह जनहित और पर्यावरण सुरक्षा को ध्यान में रखकर किया जा रहा है। उनका आरोप है कि प्रस्तावित चूना फैक्ट्री से नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के निवासियों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।







