एनएसयूआई ने महाविद्यालय में छात्र संघ चुनाव बहाली की मांग काे लेकर सौंपा ज्ञापन

जगदलपुर । बस्तर जिला एनएसयूआई द्वारा सोमवार को महाविद्यालय में छात्र संघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर शासकीय काकतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय (पीजी कॉलेज) के प्राचार्य के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए। एनएसयूआई बस्तर जिलाध्यक्ष विशाल खम्बारी ने कहा कि छात्र संघ चुनाव लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिससे छात्रों को नेतृत्व और अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने का अवसर मिलता है। चुनाव नहीं होने से छात्रों की समस्याएं प्रशासन तक प्रभावी रूप से नहीं पहुंच पा रही हैं।
प्रदेश महासचिव मनोहर सेठिया ने कहा कि प्रदेश में वर्ष 2015 से छात्र संघ चुनाव बंद हैं, जिससे छात्रों का लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व प्रभावित हो रहा है। उन्होंने मांग की कि छात्र हितों को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द छात्र संघ चुनाव तत्काल बहाल किए जाएं, ताकि छात्रों को अपने अधिकारों के लिए मंच मिल सके। एनएसयूआई पदाधिकारियों ने मांग की कि प्रदेश के सभी महाविद्यालयों में जल्द से जल्द छात्र संघ चुनाव बहाल किए जाएं, चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी हो तथा छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जाए। इस दौरान प्रदेश महासचिव मनोहर सेठिया, जिलाध्यक्ष विशाल खम्बारी, प्रदेश सचिव शेख अय्याज, जिला कांग्रेस कमेटी सचिव गोविन्द कश्यप, छात्र नेता नुरेंद्र साहू, छात्र नेता कुनाल पटेल, कुलेश्वर सेठिया, लिनेश बघेल सहित अन्य छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।







